स्कूल में बच्चों के दो गुटों में विवाद, हमलावर छात्र फरार
गाजीपुर/लखनऊ : यूपी के गाजीपुर जिले के महराजगंज में सोमवार को एक निजी स्कूल में दिल दहला देने वाली वारदात हुई। 10वीं कक्षा के छात्र आदित्य वर्मा (14 वर्ष) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में उसके दो साथी छात्र अमन और साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, दो दिन की छुट्टी के बाद स्कूल खुला तो दो छात्र गुटों में क्लास के बाहर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक जूनियर छात्र ने अपने बैग से चाकू निकालकर आदित्य और उसके साथियों पर हमला कर दिया। चाकू से आदित्य के सीने पर वार हुआ। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अमन और साहिल को भी चाकू के वार लगे। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया।
आरोपी छात्र पर शक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी स्कूल का ही छात्र है। जिसने संभवतः पहले से हमला करने की योजना बनाई थी, और चाकू स्कूल में लेकर आया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी छात्र की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
परिजनों का गुस्सा और सुरक्षा पर सवाल
आदित्य यूसुफपुर मुहम्मदाबाद का रहने वाला था। वारदात के बाद स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई। मृतक और घायलों के परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह घटना निजी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों की निगरानी पर सवाल खड़े करती है।
