बाराबंकी/ लखनऊ: यूपी के बाराबंकी जिले स्थित श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इस मामले में अब बड़ी कार्रवाई हुई है। जांच कर रहे आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार ने अपनी जांच रिपोर्ट डीजीपी यूपी राजीव कृष्ण और शासन को सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर चौकी इंचार्ज समेत 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित (Suspended) कर दिया गया है।
जानें क्या है पूरा मामला?
बीते दिनों यूनिवर्सिटी के छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। तभी पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। छात्रों पर पुलिस की इस बर्बरता ने पूरे प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया।
आईजी की जांच रिपोर्ट
आईजी प्रवीण कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हमने डीजीपी और शासन को जांच रिपोर्ट भेज दी है। चौकी इंचार्ज समेत 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। जांच आगे भी जारी रहेगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होती रहेगी।”
सीएम योगी का एक्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए पहले ही जिम्मेदार अधिकारियों को हटाने का आदेश दिया था। सीएम योगी ने लाठीचार्ज की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई थी। इसी के बाद सीओ को हटा दिया गया था और आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार को जांच सौंपी गई थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही अब 4 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है।
डिप्टी सीएम भी पहुंचे अस्पताल
घटना के बाद डैमेज कंट्रोल के लिए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने घायल छात्रों से अस्पताल जाकर मुलाकात की थी। दोनों ने छात्रों की पीड़ा सुनी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था। आगे और भी हो सकती है कार्रवाई की है। सूत्रों की मानें तो अभी कार्रवाई यहां तक ही सीमित नहीं है। जांच रिपोर्ट में और भी अधिकारियों की भूमिका सामने आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर और कार्रवाई होने की पूरी संभावना है।
