बरेली : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं से लेकर कक्षा 9 से 12 तक की वार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस बार बोर्ड ने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। यूपी बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी और पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी। बोर्ड ने साफ किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बरेली मंडल में इंटरमीडिएट के प्रथम चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी से शुरू होकर 1 फरवरी तक चलेंगी। हालांकि 29 और 30 जनवरी को परीक्षाएं नहीं होंगी।
हाईस्कूल छात्रों को राहत
हाईस्कूल के विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उनकी प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछले वर्ष की तरह स्कूल स्तर पर ही आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट के आधार पर पूरी की जाएंगी। वहीं, प्राइवेट परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
अंकों की ऑनलाइन एंट्री
बोर्ड ने आंतरिक मूल्यांकन के अंकों को ऑनलाइन अपलोड करने की समयसीमा भी तय कर दी है। नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक प्रधानाचार्य बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड करेंगे। इसके लिए पोर्टल 10 जनवरी से सक्रिय होगा।
प्री-बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल
जनवरी के पहले सप्ताह में कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित होंगी, जबकि दूसरे सप्ताह में कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं कराई जाएंगी। कक्षा 9 और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होकर फरवरी के पहले सप्ताह तक संपन्न होंगी। विभागीय अधिकारियों ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं से पहले स्कूलों की प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, साफ-सफाई और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की जांच अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
