बरेली : इंडो बॉडी बिल्डिंग फिटनेस एसोसिएशन (IBFA) उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में रविवार को डोरी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम, मॉडल टाउन बरेली में ओपन मेन एंड वूमेन डेडलिफ्ट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी ताकत व फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया।आईबीएफए के राष्ट्रीय सचिव नदीम खान ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला वर्ग में बरेली की खिलाड़ी खुशी गुप्ता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने भार वर्ग (84+ किग्रा) में 175 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया। इसी के साथ उन्होंने ओवरऑल वूमेन स्ट्रॉन्गमैन चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रदेश में बरेली का नाम किया रोशन

खुशी गुप्ता की इस ऐतिहासिक जीत पर उन्हें गोल्ड मेडल, बिग ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और एलईडी टीवी देकर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ बरेली बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।प्रतियोगिता के समापन पर आईबीएफए के प्रदेश संरक्षक नदीम इकबाल सहित मनमोहन सिंह तनेजा, अशोक चौधरी, अब्दुल अलीम, मोईन उद्दीन, सुमित बाला जी, फौजी चरन सिंह यादव, आलम सिद्दीकी, मोहम्मद कमर, जोगिंद्र सिंह यादव, मोहम्मद कादिर, अमित चौहान, आरिफ हुसैन समेत कई पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी गुप्ता को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवाओं में बढ़ेगी फिटनेस के प्रति जागरूकता
आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करती हैं। खुशी गुप्ता की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
