बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र स्थित बरेली-दिल्ली नेशनल हाईवे पर दो अलग -अलग दर्दनाक सड़क हादसों में रवि कुमार की मौत हो गई, तो वहीं शेरगढ़ थाना क्षेत्र के बैरमनगर गांव निवासी जैश (20 वर्ष) को नेशनल हाईवे पर वाहन ने टक्कर मार दी। उसको गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल ग्रेजुएशन कर रहा था, और उसके पिता प्रधान हैं।
मंदिर से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, शाही थाना क्षेत्र के लोहार नगला गांव निवासी 22 वर्षीय रवि कुमार रविवार करीब चार बजे बाइक से फतेहगंज पश्चिमी कस्बे की ओर निकले थे। वह हाईवे पर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पर कुछ देर रुके और इसके बाद गांव रूकुमपुर की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद फरार हुआ ट्रक
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रवि कुमार आइसक्रीम बेचकर अपने परिवार की गुजर-बसर करता था। परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई शनि हैं। दोनों भाइयों की अभी शादी नहीं हुई थी। बताया गया कि रवि की मां मंदबुद्धि हैं और पिता का करीब पांच साल पहले निधन हो चुका है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
