बरेली: नव वर्ष के मौके पर शहर में होने वाले कार्यक्रमों और भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने फैसला लिया है कि 31 दिसंबर 2025 की सुबह 8 बजे से 1 जनवरी 2026 की रात 2 बजे तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
किन वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध?
इस दौरान नगर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि दूध, दवा, खाद्य सामग्री जैसी जरूरी वस्तुएं ले जाने वाले वाहनों को इस रोक से छूट दी गई है।
भारी वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रास्ते
यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने-जाने के लिए डायवर्जन तय किया है। बदायूं की तरफ से बरेली आने वाले वाहन भमौरा, देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और बड़े बाईपास होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक जा सकेंगे। वहीं बदायूं की ओर से लखनऊ, शाहजहांपुर और पीलीभीत जाने वाले वाहनों को देवचरा चौराहा से दातागंज और फतेहगंज पूर्वी होते हुए बड़े बाईपास से भेजा जाएगा।लखनऊ और शाहजहांपुर की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा चौराहा होकर गुजरेंगे। इसी तरह पीलीभीत और नैनीताल की ओर से बदायूं जाने वाले वाहनों को बड़े बाईपास, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी के रास्ते भेजा जाएगा। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन भी बड़े बाईपास से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पुलिस बल रहेगा तैनात
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए झुमका तिराहा, विलवा, विलयधाम, लालपुर गांव कट, नवदिया झादा, इनवर्टीस तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि कोई भी भारी वाहन तय समय में शहर में प्रवेश न कर सके।
नागरिकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने शहरवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय किए गए डायवर्जन का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। यातायात पुलिस ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि यह व्यवस्था लोगों की सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए की गई है।
