अल्मोड़ा : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से आज सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर करीब 160 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भयावह दुर्घटना में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा भिकियासैंण-रामनगर मार्ग पर शीलापानी बैंड के पास विनायक क्षेत्र में सुबह करीब 8 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार बस द्वाराहाट से भिकियासैंण और बासोट होते हुए रामनगर जा रही थी। बताया जा रहा है कि शीलापानी के पास अचानक बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय ग्रामीण तुरंत पहुंचे। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को रामनगर स्थित राम दत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। हालत ज्यादा नाजुक होने पर दो यात्रियों को हेलिकॉप्टर के जरिए AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया है। बस चालक की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर UK 07 PA 4025 बताया गया है, जो रामनगर स्थित कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) से जुड़ी प्राइवेट बस थी। यह बस 28 सीटर थी और इसे सुबह करीब 11 बजे रामनगर पहुंचना था।
मृतकों में 5 लोग अल्मोड़ा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि 2 मृतकों की पहचान की पुष्टि की जा रही है। मृतकों में दो लोग नेपाल के भी बताए जा रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में गोविन्द बल्लभ, पार्वती देवी, सूबेदार नन्दन सिंह, गोविन्दी देवी, तारा देवी, गणेश और उमेश शामिल हैं।
वहीं हादसे में घायल सभी 12 यात्री भी अल्मोड़ा जिले के ही निवासी बताए गए हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
