जो डर जाएगा, वो दल छोड़ जाएगा, सपा प्रमुख का विपक्ष और भाजपा को संदेश,सीसीटीवी से खुल जाएगा CC का राज
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सुभासपा प्रमुख के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें राजभर ने समाजवादी पार्टी में टूट और राजनीतिक बदलाव की भविष्यवाणी की थी। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तंज कसते हुए कहा कि भविष्यवाणी करने वाले पहले अपनी पार्टी का भविष्य देख लें कि भाजपा उन्हें 75 सीटें दे रही है, 50 सीटें दे रही है या केवल आश्वासन।इसके साथ ही उन्होंने राजभर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा गठबंधन से 30 सीटें मिलने की अफवाह फैलाकर जिन्होंने एडवांस लिया था, अब वही लोग उन्हें खोज रहे हैं।
गोरखपुर में भाजपा को घेरने का दावा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार समाजवादी पार्टी और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठजोड़ ने गोरखपुर में चुनावी परिणाम बदलने का संकल्प लिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को घेरकर उसे राजनीतिक रूप से कमजोर करने का प्रयास किया जाएगा।
स्कूल बंद करने को लेकर सरकार पर हमला

एसपी चीफ ने प्रदेश सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गोरखपुर में लगभग 500 प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। उनके अनुसार इससे करीब 1500 लोगों की सरकारी नौकरियां प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि पीडीए वर्ग के बच्चे आगे बढ़ें और शिक्षा के माध्यम से सम्मानजनक जीवन प्राप्त करें।
राम मंदिर दान मामले को फिर उठाया
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक बार फिर राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित गबन के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म की राजनीति करती है और उसके लिए धर्म का अर्थ धन बन गया है। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह चुनावों में कथित गड़बड़ियों के मामलों में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं हुए थे, उसी तरह इस मामले में भी फुटेज गायब बताए जा रहे हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “सीसीटीवी से सीसी का राज खुल जाएगा, और सीसी का मतलब है चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी।”
साधु-संतों के सम्मान की बात

सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी सभी साधु-संतों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा प्रेम, दया, भाईचारे और सम्मान की भावना पर आधारित है तथा भगवान राम के बताए सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने में विश्वास रखती है।
भाजपा विधायकों के पाला बदलने का दावा

राजनीतिक दलों में संभावित टूट-फूट को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग डरेंगे, वे संघर्ष छोड़ देंगे।भाजपा से मुकाबला करने के लिए बहादुर लोगों की टीम की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के कई विधायक भी राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए पाला बदलने के लिए तैयार बैठे हैं।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
