बरेली : मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बरेली रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। डीआईजी अजय कुमार साहनी के निर्देशन में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया के जरिए भी लगातार निगरानी की जाएगी।
1384 जुलूसों और 2128 ताजियों पर नजर
पुलिस के मुताबिक बरेली रेंज के चारों जिलों में इस बार कुल 1384 मोहर्रम जुलूस निकाले जाएंगे।इसके अलावा 2128 ताजिए स्थापित किए जाएंगे और 2003 ताजियों को दफनाया जाएगा। पूरे क्षेत्र को 55 जोन और 202 सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।
ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से ज्यादा नहीं होगी
प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी ताजिये की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। सभी जुलूस केवल पहले से तय और स्वीकृत मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी नए रूट या नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। साथ ही ताजियों को केवल निर्धारित स्थानों पर ही दफनाया जाएगा। आयोजकों को जुलूस के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट शेयर न करने की अपील की है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जुलूसों के दौरान हथियारों का प्रदर्शन, खतरनाक करतब या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।
