हापुड़/लखनऊ : यात्रा की खुशी मातम में बदल गई। नैनीताल से दिल्ली की ओर लौट रही एक तेज़ रफ्तार कार हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-09 (NH-09) पर डिवाइडर पार कर रेलिंग से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
नैनीताल से लौट रहे थे पांचों दोस्त
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के जाफराबाद निवासी शुएब (27 वर्ष), कृष्णा नगर निवासी फैज (20 वर्ष), सुहैल उर्फ साहिल, अली और हर्षित अग्रवाल हाल ही में नैनीताल घूमने गए थे। ये सभी अपनी कार से दिल्ली लौट रहे थे। कार चला रहा था फैज। जब उनकी गाड़ी बाबूगढ़ के कुचेसर रोड चौराहे के पास पहुंची, तो तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सड़क किनारे लोहे की रेलिंग से टकरा गई।
मौके पर ही गई दो जानें, तीन घायल
इस दर्दनाक हादसे में फैज और शुएब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन दोस्त बुरी तरह घायल हो गए। हर्षित की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे मेरठ रेफर किया गया है। साहिल और अली को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।
तेज़ रफ्तार बना हादसे की वजह
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह तेज़ रफ्तार मानी जा रही है। घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार पर टूटा गम का पहाड़
शुएब और फैज के निधन की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। दोस्तों की ट्रिप जो जीवनभर की यादें बन सकती थी, वह एक दिल दहला देने वाले हादसे में बदल गई।
