बरेली/पीलीभीत: सोमवार को ‘गौ सम्मान आह्वान दिवस’ के मौके पर पूरे इलाके में गौभक्ति का जबरदस्त माहौल देखने को मिला। बरेली में हजारों लोगों ने भव्य शोभायात्रा निकालकर गौ संरक्षण का संदेश दिया, तो वहीं पीलीभीत में गौभक्तों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग उठाई।
बरेली में निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजे जयकारे

बरेली शहर में हजारों गौ रक्षक और गौ प्रेमी सड़कों पर उतरे। गौ माता की जय और गौ रक्षा हमारा धर्म के नारों से गूंजा। हाथों में भगवा ध्वज और पोस्टर लिए लोग पूरे उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।
पुष्प वर्षा से स्वागत, शहर बना आस्था का केंद्र

शोभायात्रा जैसे ही मुख्य बाजारों और चौराहों से गुजरी, जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर गौ भक्तों का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुड़ते गए और शहर के कुछ हिस्से आस्था के रंग में रंग गए।
पीलीभीत में प्रदर्शन, ‘राष्ट्र माता’ की मांग तेज

वहीं पीलीभीत जिले की पूरनपुर और बीसलपुर तहसील में गौभक्तों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी के बीच पूरनपुर तहसील परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिया जाए और गौवंश संरक्षण के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाए जाएं। साथ ही गौशालाओं की स्थिति सुधारने, हरे चारे और पानी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। हजारों लोगों के हस्ताक्षर के साथ यह मांग पत्र प्रशासन को सौंपा गया।
प्रशासन अलर्ट, शांतिपूर्ण ढंग से हुए कार्यक्रम
दोनों जिलों में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बरेली में शोभायात्रा के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। वहीं पीलीभीत में भी प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यक्रम समाप्त हो गया।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
