पीलीभीत: जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद के चलते पत्नी ने अपने ही पति के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में पति करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि तेजाब के छींटों से महिला भी घायल हो गई। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना

सामने आए CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि महिला दूसरी मंजिल के गेट पर खड़ी थी। जैसे ही उसका पति पास आया, उसने गिलास में भरा तेजाब उस पर फेंक दिया। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब जांच का अहम हिस्सा बन चुकी है।
पीड़ित ने बताई आपबीती
घायल पति हेमंत ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि उस पर गर्म चाय फेंकी गई है। उसने तुरंत किचन में जाकर मुंह धोया, लेकिन जलन बढ़ती चली गई। बाद में जब तेजाब मुंह के अंदर गया और खट्टापन महसूस हुआ, तब उसे समझ आया कि उस पर तेजाब से हमला किया गया है।
5 साल से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, हेमंत और उसकी पत्नी शिल्पी के बीच पिछले 5 साल से विवाद चल रहा था। पत्नी ने पति पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था, जबकि पति ने पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाया था। दोनों फिलहाल अलग रह रहे थे और कोर्ट में तलाक का मामला भी विचाराधीन है।
गंभीर हालत में पति, पुलिस जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि तलाक का नोटिस मिलने के बाद महिला रविवार को पीलीभीत स्थित पति के घर पहुंची और इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में हेमंत गंभीर रूप से झुलस गया है और जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसका करीब 30 प्रतिशत शरीर प्रभावित हुआ है। वहीं महिला का भी पुलिस निगरानी में इलाज किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
