नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब चार स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। हालांकि बाद में जांच में यह पूरा मामला फर्जी पाया गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार जैसे ही अलर्ट मिला, तुरंत दमकल की गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर भेजी गईं। धौला कुआं, दिल्ली कैंट और शंकर विहार स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल के साथ-साथ द्वारका सेक्टर 14 स्थित सीआरपीएफ स्कूल में तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों को खाली कराकर छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला और गहन जांच की। तलाशी के दौरान किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद सभी धमकियों को फर्जी घोषित कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे ऑपरेशन के दौरान मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। इस घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
फिलहाल साइबर सेल ईमेल के स्रोत की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन धमकियों के पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
