मेरठ : यूपी के मेरठ के जानी खुर्द गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मां और बेटी ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर अपने ही पति और पिता की हत्या करा दी। हत्या की वजह थी प्रेम संबंधों का विरोध। पुलिस ने पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मां-बेटी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की वजह: ‘रोड़ा बन गया था सुभाष’
पुलिस जांच में सामने आया कि किसान सुभाष उपाध्याय अपनी पत्नी कविता और छोटी बेटी सोनम के प्रेम संबंधों का विरोध करता था। कविता का संबंध सिसौला निवासी गुलजार से था। वहीं सोनम, कंकरखेड़ा के विपिन से प्रेम करती थी और उससे शादी करना चाहती थी। दोनों मां-बेटी को सुभाष का विरोध सहन नहीं हुआ, और उन्होंने उसे ‘रास्ते से हटाने’ की साजिश रच डाली।
23 जून की रात को खेत से लौटते समय मारी गई थी गोली
जैसे ही सुभाष रात को खेत से वापस लौट रहे थे, विपिन और उसके दोस्त अजगर उर्फ शिवम ने उन्हें 315 बोर के तमंचे से गोली मार दी। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
फोन कॉल और चैटिंग से हुआ खुलासा
विपिन ने हत्या के तुरंत बाद सोनम और कविता को सूचना दी। फिर सोनम और विपिन के बीच व्हाट्सएप चैटिंग हुई, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। सर्विलांस टीम ने मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और चैटिंग के आधार पर पांचों को पकड़ लिया।
यह आरोपी गिरफ्तार
इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी कविता, छोटी बेटी सोनम, कविता का प्रेमी गुलजार, सोनम का प्रेमी विपिन, विपिन का दोस्त अजगर उर्फ शिवम को गिरफ्तार किया है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि”सुभाष की हत्या में पारिवारिक षड्यंत्र शामिल था। आरोपी कविता और सोनम ने पूरी प्लानिंग के तहत प्रेमियों के साथ हत्या करवाई। घटना में इस्तेमाल हथियार और बाइक भी बरामद कर ली गई है।”
