दो शाखा प्रबंधक और दो कैशियर निलंबित, संगठित भ्रष्टाचार में पीएम किसान योजना की धनराशि भी लूटी, FIR के लिए पुलिस को सौंपी गई तहरीर
बरेली: यूपी के बरेली की फरीदपुर सायंकालीन शाखा में सहकारी बैंक का एक बेहद चौंकाने वाला घोटाला सामने आया है। बैंक के चार अधिकारियों की मिलीभगत से 1.31 करोड़ रुपये का गबन हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस भ्रष्टाचार की चपेट में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी लाभकारी योजना की राशि भी आ गई। शाहजहांपुर निवासी एक किसान की शिकायत के बाद उपमहाप्रबंधक ने 16 मई को जब फरीदपुर शाखा का औचक निरीक्षण किया, तो वहां 21 संदिग्ध बैंक खातों का पता चला। जिनसे फर्जी ट्रांजैक्शन किए गए थे। इसके बाद जांच के आदेश हुए और 23 मई को पूरी रिपोर्ट में घोटाले की पुष्टि हुई।
यह अधिकारी घोटाले में शामिल
इसमें चंद्र प्रकाश (कैशियर), दीपक पांडेय (कैशियर), मुकेश कुमार गंगवार (शाखा प्रबंधक) और गौरव वर्मा (शाखा प्रबंधक) को पद के दुरुपयोग, कूटरचना, अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का आरोप है। इन्होंने फर्जी खातों का संचालन कर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के नाम पर पैसे निकाल लिए। बैंक की ओर से इन चारों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है और थाना फरीदपुर में उनके खिलाफ FIR दर्ज करने हेतु तहरीर दी गई है।
बैंक प्रशासन का बयान
“यह घोटाला केवल वित्तीय अनियमितता नहीं, बल्कि सहकारी बैंकिंग प्रणाली पर सीधा हमला है। कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
