गजरौला/अमरोहा/लखनऊ : यूपी में एक दर्दनाक हादसे ने एक पुलिस परिवार को उजाड़ दिया। सोमवार दोपहर को गजरौला में हाईवे पर खड़े ट्रक से तेज़ रफ्तार कार जा टकराई, जिससे खुफिया विभाग की स्पेशल ब्रांच में तैनात हेड कॉन्स्टेबल जावेद जव्वाद जैदी (38 वर्ष) और उनकी पत्नी उर्शी (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
अमरोहा स्पेशल ब्रांच में पोस्टिंग
मृतक जावेद जव्वाद जैदी मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे के निवासी थे और अमरोहा जिले की स्पेशल ब्रांच में हेड मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात थे। वह सोमवार को अपने परिवार के साथ निजी कार से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे उनकी कार गजरौला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर कार्यालय के पास पहुंची, तभी वहां खड़े एक ट्रक से उनकी कार टकरा गई।
हादसा इतना भीषण कि कार चकनाचूर
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचाया गया।जहां डॉक्टरों ने जावेद और उनकी पत्नी उर्शी को मृत घोषित कर दिया।
बच्चों की हालत गंभीर, रेफर किए गए
दंपती के दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल पाए गए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। सीओ अंजलि कटारिया ने इस भीषण हादसे की मीडिया से पुष्टि करते हुए बताया कि कार और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक हाईवे पर खड़ा था। जिसकी जानकारी पर्याप्त रूप से संकेतित नहीं थी।
