मुरादाबाद : मुरादाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने सुसाइड के इरादे से ट्रेन की पटरियों पर लेटकर अपनी जान देने की कोशिश की। यह पूरी घटना स्टेशन पर मौजूद लोगों की नजरों के सामने हुई और महज कुछ सेकेंड का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आरपीएफ के मुताबिक, गुरुवार रात करीब नौ बजे एक युवक रेलवे स्टेशन पर अकेला पहुंचा था। उसका नाम शंकर बताया गया है। वह कुछ देर तक स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर घूमता रहा और फिर बैठ गया। इसी दौरान ट्रैक पर एक मालगाड़ी आती दिखाई दी। अचानक युवक प्लेटफॉर्म से नीचे उतरा और ट्रैक के बीच जाकर लेट गया। शुरुआत में वहां मौजूद लोगों को लगा कि वह ट्रैक पार करते समय गिर गया है।
जैसे ही मालगाड़ी नजदीक आई, लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मालगाड़ी के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक ट्रेन के तीन डिब्बे युवक के ऊपर से गुजर चुके थे। इस दौरान स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और सभी को लगा कि युवक की मौत हो गई होगी।
शोर सुनते ही आरपीएफ के जवान भी मौके पर दौड़ पड़े। उन्होंने जब युवक को ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला तो वह अचानक चीख पड़ा। यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए, क्योंकि युवक की सांसें चल रही थीं और उसके शरीर पर खरोंच तक नहीं आई थी। आरपीएफ ने तुरंत उसे अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार युवक नशे की हालत में था और शुरुआत में वह अपना पता ठीक से नहीं बता पा रहा था। बाद में उसने बताया कि वह मध्य प्रदेश के पन्ना जिले का रहने वाला है और काम के सिलसिले में मुरादाबाद आया था। फिलहाल पुलिस और आरपीएफ युवक से पूछताछ कर रही है। उसने आत्महत्या की कोशिश क्यों की, इसके पीछे क्या वजह थी और उसके परिजन कौन हैं, इसकी जांच की जा रही है।