अलीगढ़ : अलीगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां ओयो होटल संचालक और उसके दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव एक बंद कार के अंदर मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना 25 दिसंबर की बताई जा रही है, जो खेरेश्वर हाईवे बाईपास के पास उदयपुर गांव के नजदीक हुई।
गुरुवार शाम करीब पांच बजे खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने सड़क से नीचे खेत में एक कार खड़ी देखी। काफी देर तक कार वहीं खड़ी रहने पर उन्हें शक हुआ। जब वे पास जाकर झांकने लगे तो देखा कि कार के शीशे प्लास्टिक के बोरों से ढके हुए थे और अंदर दो युवक खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस करीब पंद्रह से बीस मिनट में मौके पर पहुंची, लेकिन कार का दरवाजा बाहर से लॉक था। पुलिस ने शीशे और दरवाजे तोड़कर दोनों शव बाहर निकाले।
एक शव ड्राइवर सीट पर मिला, जिसका मुंह स्टेयरिंग पर झुका हुआ था, जबकि दूसरा शव पीछे की सीट पर पड़ा था। दोनों के गले और गर्दन पर बेहद नजदीक से मारी गई गोलियों के निशान मिले। शुरुआती जांच में दोनों को दो-दो गोलियां मारे जाने की पुष्टि हुई है।
कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से वाहन की पहचान की गई, जो सारसौल निवासी मैकेनिक जमील के नाम पर निकली। पूछताछ में उसने बताया कि उसने कार किराए पर रसूलपुर निवासी बॉबी को दी थी। इसके बाद मृतकों की पहचान बॉबी (32) और उसके दोस्त मोहित (24) के रूप में हुई। बॉबी खेरेश्वर हाईवे पर ‘बीके आर्या’ नाम से ओयो होटल चलाता था, जबकि मोहित एक फैक्ट्री में काम करता था और उसका करीबी दोस्त था।
पुलिस के अनुसार यह मामला डबल मर्डर का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि घटना के समय कार में एक या दो अन्य लोग भी मौजूद थे और किसी विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।