खेत में काम कर रहे मजदूरों पर टूटा बिजली का तार, करंट की चपेट में आए चार लोग, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
शाहजहांपुर : शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। धान की रोपाई कर रहे मजदूरों के ऊपर हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा। हादसे में करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
खुटार थाना क्षेत्र के अटकोना गांव में रामपाल, विवेक सहित अन्य मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन से जुड़ा तार टूटकर खेत में गिर गया। खेत में पानी भरा होने के कारण पूरे क्षेत्र में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे चार लोग उसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल रामपाल और विवेक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रामपाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। विवेक का इलाज सीएचसी में जारी है। हादसे में दुर्वेश और 11 वर्षीय एक बालिका को भी करंट का झटका लगा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि खेत के ऊपर से हाईटेंशन और एलटी दोनों लाइनें गुजर रही हैं। एलटी लाइन का जर्जर तार टूटकर हाईटेंशन लाइन पर गिर गया, जिससे खेत में करंट फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते तारों की मरम्मत की गई होती तो यह हादसा नहीं होता।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, बिजली निगम के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) पुनीत निगम ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा तथा घायल के उपचार में भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएग