बरेली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 30 जून को बरेली आगमन और भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में भारी वाहनों और रोडवेज बसों के संचालन को लेकर अस्थायी डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। यह व्यवस्था 30 जून को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
शहर की ओर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार परसाखेड़ा रोड नंबर-1, बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से किसी भी भारी वाहन को शहर की ओर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इन सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को उनके गंतव्य के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
बदायूं और लखनऊ जाने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट

दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें बदायूं जाना है, उन्हें झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, विल्या, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास, झुमका तिराहा, विल्या, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। दूसरी ओर लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा और बड़ा बाईपास मार्ग का उपयोग करना होगा।
पुराना रोडवेज बस अड्डा रहेगा बंद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के मद्देनजर 30 जून को पुराना रोडवेज बस स्टैंड से बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। सभी रोडवेज बसों का संचालन सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाली तथा बदायूं और लखनऊ की तरफ जाने वाली बसें बड़ा बाईपास और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक पहुंचेंगी और वहीं से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों का सहारा लें। साथ ही यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
