खितौरा विद्युत उपकेंद्र में दीवार फांदकर घुसे चोर, मेन ट्रांसफार्मर से तेल निकालकर फरार, हजारों उपभोक्ता बिजली संकट से परेशान
बदायूं : बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र स्थित खितौरा विद्युत उपकेंद्र में चोरों ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। बदमाश मेन ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर फरार हो गए। ट्रांसफार्मर से तेल निकल जाने के कारण करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना खितौरा विद्युत उपकेंद्र की है, जहां चोर पीछे की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और मेन ट्रांसफार्मर से तेल निकालकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय उपकेंद्र पर विद्युतकर्मी मौजूद थे, लेकिन चोर वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल गए।
ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के बाद खितौरा बिजलीघर से जुड़े लगभग 100 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को पेयजल, घरेलू कार्यों और कृषि संबंधी कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली विभाग ट्रांसफार्मर में दोबारा तेल भरवाकर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की कोशिश में जुटा है। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया और तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
खितौरा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) अंबर सिंह ने बताया कि चोर बिजलीघर की पिछली दीवार कूदकर अंदर आए और मेन ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर ले गए। मामले की तहरीर पुलिस को दी जा रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।