लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति के अवसर पर 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसे लेकर शासन की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश में बताया गया है कि शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद मकर संक्रांति के दिन अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है, क्योंकि इससे पहले जारी प्रदेश की वार्षिक अवकाश तालिका में इस दिन छुट्टी का प्रावधान नहीं था।
गौरतलब है कि प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में पहले से ही शीतकालीन अवकाश चल रहा है। एक जनवरी से 14 जनवरी तक सभी परिषदीय स्कूलों में शीतकालीन छुट्टी घोषित की गई थी और 15 जनवरी से स्कूल खुलने थे। लेकिन मकर संक्रांति पर सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के बाद अब स्कूलों की छुट्टी 15 जनवरी तक बढ़ गई है। इससे छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है। सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के चलते न केवल स्कूल, बल्कि सभी सरकारी कार्यालय, बैंक और अन्य शासकीय संस्थान भी 15 जनवरी को बंद रहेंगे। वहीं, आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। शासन के इस फैसले का प्रदेशवासियों ने स्वागत किया है। मकर संक्रांति को उत्तर प्रदेश में बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जाता है। ऐसे में अवकाश घोषित होने से लोग पर्व को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मना सकेंगे।
