कासगंज : उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां झूठी शान और सामाजिक दबाव की खातिर परिजनों ने अपनी ही नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के इरादे से शव को श्मशान घाट में जला दिया। यह सनसनीखेज मामला ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी दो दिन पहले अपने ही गांव के रहने वाले प्रेमी के साथ घर से आगरा चली गई थी। परिजनों को जब इसकी भनक लगी तो वे आगरा पहुंचे और शनिवार की शाम दोनों को जबरन वापस गांव ले आए। गांव लौटने के बाद परिजनों ने किशोरी और उसके प्रेमी को अलग-अलग कमरों में, लगभग 50 मीटर की दूरी पर बंद कर दिया और दोनों के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि किशोरी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई थी, जिससे गुस्साए परिजनों ने रात के अंधेरे में उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गांव के श्मशान घाट ले जाकर जला दिया गया, जबकि प्रेमी किसी तरह उनके चंगुल से बचकर भाग निकला।
रविवार सुबह इस जघन्य वारदात की सूचना यूपी 112 पर किशोरी के प्रेमी के भाई ने दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और सीओ सदर आंचल चौहान फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर जलती चिता पर पानी डालकर उसे बुझाया और जले हुए अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस जब गांव पहुंची तो वहां सन्नाटा पसरा हुआ था। किशोरी के परिजन ही नहीं, बल्कि कई अन्य ग्रामीण भी घरों पर ताले डालकर फरार हो चुके थे, जिससे पुलिस को जांच में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मृत किशोरी के घर का ताला खुलवाकर पुलिस ने भीतर जाकर जांच की और गांव के प्रधान प्रतिनिधि, किशोरी के प्रेमी और उसके भाई से पूछताछ की।
पूछताछ और प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह मामला ऑनर किलिंग का है। पुलिस ने तीन टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की और देर शाम दो परिजनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि समाज में बदनामी के डर और किशोरी के प्रेमी के साथ रहने की जिद के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जले हुए अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी इस हत्या में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी अमानवीय मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में घटना के बाद भय और सन्नाटे का माहौल है, जबकि पीड़ित किशोरी को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठ रही है।
