हरदोई : पाली थाने के अंदर सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पति ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। थाना परिसर में हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के रमापुर अटरिया निवासी अनूप कुमार की पत्नी सोनी सात जनवरी को घर से कहीं चली गई थीं, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई थी। रविवार को पुलिस ने सोनी को बरामद कर लिया था और सोमवार सुबह थाने में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं।
सोमवार की सुबह पुलिस ने सोनी को थाने की मेस में खाना खाने के लिए भेजा। खाना खाने के बाद सोनी थाना परिसर में ही बाहर धूप में खड़ी हो गईं। इसी दौरान पीछे से आए पति अनूप कुमार ने मौका पाकर तमंचा निकाला और सोनी के दाहिने कंधे पर पीछे से गोली मार दी। गोली लगते ही सोनी जमीन पर गिर पड़ीं। थाने के भीतर गोली चलने की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल सोनी को अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी पति अनूप कुमार को हिरासत में ले लिया।
थाना परिसर में हुई इस हत्या ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम क्यों दिया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
