रास तनुरा में सुबह हुआ बड़ा हादसा, सभी मृतक सऊदी नागरिक, दुर्घटना के कारणों की उच्च स्तरीय जांच शुरू
रियाद/रास तनुरा : सऊदी अरब के प्रमुख औद्योगिक और तेल केंद्र रास तनुरा में रविवार सुबह सऊदी अरामको का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों के हवाले से सरकारी समाचार एजेंसी ने हादसे की पुष्टि की है।
सऊदी प्रेस एजेंसी (SPA) के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी 14 लोग सऊदी अरब के नागरिक थे। दुर्घटना रास तनुरा क्षेत्र में हुई, जो फारस की खाड़ी के तट पर स्थित सऊदी अरामको का प्रमुख तेल और औद्योगिक केंद्र है।
सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों को राहत और जांच कार्य में लगाया गया।
प्रशासन ने हेलिकॉप्टर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल अधिकारियों ने हेलिकॉप्टर के मॉडल या दुर्घटना के तकनीकी कारणों का खुलासा नहीं किया है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस हादसे का सऊदी अरामको के तेल उत्पादन या परिचालन पर कोई प्रभाव पड़ा है या नहीं।
सऊदी अरामको दुनिया की सबसे बड़ी तेल और गैस कंपनियों में से एक है। इसका स्वामित्व सऊदी सरकार के पास है और यह देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है। कंपनी प्रतिदिन लाखों बैरल कच्चे तेल का उत्पादन करती है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सऊदी अरामको की स्थापना वर्ष 1933 में अमेरिकी कंपनियों के साथ हुए एक समझौते के तहत हुई थी। बाद में 1980 में सऊदी सरकार ने कंपनी का पूर्ण स्वामित्व अपने हाथ में ले लिया। वर्तमान में कंपनी का मुख्यालय धहरान शहर में स्थित है।