शहर के मलूकपुर में चार दिन से बिजली गुल, कृष्णानगर में पूरी रात ब्लैकआउट, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से हजारों उपभोक्ता परेशान
बरेली : भीषण गर्मी के बीच बरेली शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। शहर के कई इलाकों में घंटों और कहीं-कहीं कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का सब्र टूट गया।शहर के मलूकपुर में चार दिन से बिजली गुल रहने, पवन विहार के कृष्णानगर फेज-2 में पूरी रात आपूर्ति ठप रहने और शास्त्रीनगर में लगातार फॉल्ट के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली संकट से नाराज उपभोक्ताओं ने रविवार को किला उपकेंद्र पर हंगामा और प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। बिजली न होने से लोगों को भीषण गर्मी के साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी सबसे अधिक रही। कई इलाकों में पूरी रात लोग जागकर गुजारने को मजबूर रहे।
मलूकपुर में चार दिन से बिजली गुल, लोगों का फूटा गुस्सा
शहर के किला उपकेंद्र से जुड़े मलूकपुर क्षेत्र में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है।लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से बच्चों की तबीयत खराब हो रही है और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है।
रविवार को गुस्साए उपभोक्ता किला उपकेंद्र पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
शास्त्रीनगर में ट्रांसफॉर्मर फ्यूज खराब, 300 घर अंधेरे में
शास्त्रीनगर स्थित अनिल किराना स्टोर के पास शुक्रवार दोपहर ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज खराब हो गया था। स्थानीय लोगों ने तुरंत शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पूरे दिन कोई लाइनमैन मौके पर नहीं पहुंचा। फॉल्ट के कारण करीब 300 घरों की बिजली ठप हो गई और लोगों को दिन-रात गर्मी में परेशान होना पड़ा। शनिवार सुबह आक्रोशित लोगों ने गायत्री पब्लिक स्टोर मोड़ पर धरना-प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दी। जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। बाद में किला उपखंड के एसडीओ विशाल वर्मा अपनी टीम के साथ पहुंचे और जल्द समस्या दूर करने का आश्वासन दिया। रविवार सुबह फेज की खराबी ठीक होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
कृष्णानगर फेज-2 में पूरी रात अंधेरा
पवन विहार के कृष्णानगर फेज-2 में शनिवार रात करीब 10 बजे केबिल जलने से लगभग 200 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। उपभोक्ता लगातार बिजली अधिकारियों से संपर्क करते रहे, लेकिन उन्हें केवल यही आश्वासन मिलता रहा कि केबिल बदली जा रही है और जल्द आपूर्ति शुरू हो जाएगी। हालांकि पूरी रात लोग गर्मी में बेहाल रहे।
सैनिक कॉलोनी, सीबीगंज और अन्य इलाकों में भी संकट
शहर के दुर्गानगर उपकेंद्र के अंतर्गत सैनिक कॉलोनी में भी केबिल जलने से रात करीब नौ बजे बिजली चली गई। मरम्मत के बाद रात करीब 12:45 बजे आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। वहीं सीबीगंज, सुभाषनगर, सिटी स्टेशन सहित कई क्षेत्रों में पूरी रात ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। सीबीगंज क्षेत्र में करीब 10 हजार घर प्रभावित रहे। यहां केबल बंच में आग लगने की घटना भी सामने आई, जिसे विभाग ने ठीक कराया, लेकिन ट्रिपिंग की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी।
जानें क्या बोले बिजली विभाग के अफसर
विद्युत वितरण खंड (शहरी) के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शहर के जिन इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। कृष्णानगर फेज-2 में केबिल बदली जा रही है, जबकि शास्त्रीनगर में एसडीओ की टीम फॉल्ट ठीक करने में लगी है। विभाग का दावा है कि सभी तकनीकी खराबियों को जल्द दूर कर सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
गर्मी में बढ़ी मुश्किलें
लगातार बढ़ते तापमान के बीच बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बिजली न होने से कूलर, पंखे और पानी की मोटर बंद रहने के कारण हजारों परिवारों को भीषण गर्मी और जल संकट का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
