बदायूं : पुलिस ने 4 वर्षीय बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी जबकि एक पुलिस उपनिरीक्षक भी आरोपी की फायरिंग में घायल हो गए। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अंगोछा बरामद किया गया है।
बदायूं ज़िले के अलापुर थाना क्षेत्र में 25 जून को 4 वर्षीय बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना अलापुर पुलिस एसओजी और सर्विलांस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य के आधार पर आरोपी के अलापुर के भसराला से गिरफ्तार किया।
28 जून की सुबह पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इस दौरान उपनिरीक्षक गौरव कुमार भी घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 110 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित अंगोछा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है।
रिपोर्ट: राजा खान, बदायूं
