पीलीभीत/बरेली : यूपी के पीलीभीत में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद डीआईजी अजय कुमार साहनी ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। मुठभेड़ के दौरान घायल उपनिरीक्षक उमेश त्यागी और हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह की स्थिति की जानकारी लेकर डीआईजी ने चिकित्सकों से उनके उपचार के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
मुठभेड़ में घायल हुए थे दो पुलिसकर्मी

पुलिस के अनुसार बिलसंडा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान इनामी बदमाश शिवम उर्फ सर्वजीत ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई के दौरान बदमाश घायल हो गया, जबकि पुलिस टीम के उपनिरीक्षक उमेश त्यागी और हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह भी घायल हुए थे। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
डीआईजी ने लिया उपचार का जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीआईजी अजय कुमार साहनी अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर इलाज की स्थिति जानी और पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी ली।
घटनास्थल का भी किया निरीक्षण
अस्पताल में घायल पुलिसकर्मियों का हाल जानने के बाद डीआईजी अजय कुमार साहनी ने मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
