बरेली : यूपी के बरेली ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बरेली पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष लाउडस्पीकर चेकिंग अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है।एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में 4 अप्रैल 2026 से 27 जून 2026 तक हर शनिवार सुबह 5 बजे से 7 बजे तक चलाए गए अभियान के दौरान जिले भर में सघन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई कर 324 लाउडस्पीकर उतरवाए गए, जबकि 1642 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई गई।
हर शनिवार चला विशेष अभियान, सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग
बरेली पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और शासन की ओर से तय किए गए ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित कराना था। अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लाउडस्पीकरों की जांच की। सुबह के समय चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग और उनकी आवाज के स्तर की विशेष रूप से निगरानी की।
324 लाउडस्पीकर उतरवाए, 1642 की आवाज कराई कम

अभियान के दौरान पुलिस को कई स्थानों पर लाउडस्पीकर निर्धारित नियमों और मानकों का उल्लंघन करते मिले। ऐसे मामलों में कार्रवाई कर 324 लाउडस्पीकर उतरवाए गए। वहीं बड़ी संख्या में ऐसे उपकरण भी मिले जिनकी आवाज तय सीमा से अधिक थी। पुलिस ने ऐसे 1642 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई। इसके साथ ही संचालकों और संबंधित लोगों को ध्वनि प्रदूषण नियमों की जानकारी देकर भविष्य में नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।
आमजन से सहयोग की अपील
बरेली पुलिस ने अभियान के समापन पर आमजन से अपील की है कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन करते हुए सामाजिक सौहार्द, शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा के लिए ध्वनि मानकों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
