लखनऊ : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए व्यापक बदलावों की जमकर सराहना की। लखनऊ में अशोक लीलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के उद्घाटन के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का कायाकल्प आज देश के अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल बन चुका है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को दंगों और खराब कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन अब वही प्रदेश निवेश के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यूपी अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रदेश को संचालित किया जा रहा है, उससे प्रदेश की रेटिंग ‘एक्सीलेंट’ कही जा सकती है।
रक्षा मंत्री ने अशोक लीलैंड की इस ईवी फैक्ट्री को उत्तर प्रदेश के औद्योगीकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ से सांसद होने के नाते यह शहर उनके लिए विशेष महत्व रखता है, लेकिन अगर वे लखनऊ के सांसद न भी होते, तब भी यह शहर उन्हें उतना ही प्रिय होता। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ने से प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता में भी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जा रहा है, जो इस बात का प्रमाण है कि भारत अब कमजोर देश नहीं रहा, बल्कि अपने हथियार खुद बनाने में सक्षम हो चुका है। इस कार्य में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के क्षेत्र में जो सुधार हुआ है, वह अपने आप में एक मिसाल है। रक्षा मंत्री ने कहा कि विकास, निवेश और सुरक्षा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आज नए भारत की मजबूत आधारशिला बनकर उभर रहा है।
