लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अशोक लीलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री एचडी कुमारस्वामी भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ई-बस में सफर कर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का प्रत्यक्ष अनुभव भी किया।
सरोजनी नगर क्षेत्र में लगभग 70 एकड़ भूमि पर निर्मित इस अत्याधुनिक फैक्ट्री में ई-बस, ई-ट्रेवलर और ई-लोडिंग वाहनों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण और औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अवसर उत्तर प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने हिंदुजा परिवार को इस निवेश के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह निवेश इस बात का प्रमाण है कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में बड़ा परिवर्तन आया है। आज प्रदेश के हर जिले में निवेश हो रहा है, जो दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश अब सिर्फ अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला राज्य नहीं, बल्कि उस पोटेंशियल को परिणाम में बदलने वाला राज्य बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन चुका है। यही कारण है कि प्रदेश को अब तक करीब 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। बीते आठ वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है, जिसके चलते देश के लगभग 55 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे आज उत्तर प्रदेश में हैं। प्रदेश में रैपिड रेल परियोजनाएं चल रही हैं और वर्तमान में लगभग 18 हजार स्टार्टअप सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि यह परियोजना न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए आत्मनिर्भर भारत और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं भारत के कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लक्ष्य को हासिल करने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से योगी जी उत्तर प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं, उससे प्रदेश की रेटिंग अब ‘एक्सीलेंट’ कही जा सकती है। उन्होंने अशोक लीलैंड की इस ईवी फैक्ट्री के उद्घाटन को प्रदेश के औद्योगीकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि वे लखनऊ से सांसद हैं, लेकिन यदि वे लखनऊ के न भी होते, तब भी यह शहर उन्हें उतना ही प्रिय होता। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को खराब कानून व्यवस्था और दंगों के लिए जाना जाता था, लेकिन अब प्रदेश निवेश के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि निवेश बढ़ने से प्रदेश के युवाओं को यहीं रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। यह फैक्ट्री उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण को नई गति देने के साथ-साथ रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को भी मजबूती प्रदान करेगी।
