सपा प्रमुख ने गुजरात के पूर्व सीएम शंकर सिंह बाघेला से की शिष्टाचार मुलाक़ात
पूर्व सीएम बोले – भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम, झूठे विज्ञापनों से नहीं छिपेगी सच्चाई, महिला अपराध और साइबर क्राइम में यूपी सबसे आगे
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर हैं और महिलाएं व बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार के सभी दावे पूरी तरह झूठे साबित हो चुके हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का नारा अब पूरी तरह खोखला हो गया है। मेरठ में एक माँ पर जानलेवा हमला और बेटी के अपहरण की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह मामला सरकार की विफलता का बड़ा उदाहरण है। भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और अब वह ऐसी स्थिति में पहुंच चुकी है, जहां से लौटना मुश्किल है, क्योंकि अपराधी उनके राज़ खोल सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार से जनता की उम्मीद ही खत्म हो जाए, तो इससे बड़ा दुर्भाग्य कुछ नहीं हो सकता। सपा प्रमुख ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह बाघेला से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाक़ात के दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक राजनीतिक हालात, सामाजिक विषयों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। यह मुलाक़ात राजनीतिक सौहार्द और आपसी संवाद का प्रतीक मानी जा रही है।
महिला अपराध और साइबर क्राइम में यूपी सबसे आगे

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महिला अपराध और साइबर क्राइम के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर पहुंच गया है। इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोज़ाना औसतन पांच महिलाएं हिंसा का शिकार हो रही हैं, और हर पंद्रह दिन में दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद शर्मनाक हैं।
झूठे विज्ञापनों से सच्चाई नहीं छुपेगी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सरकार झूठे विज्ञापनों और प्रचार से हालात छुपाने की कोशिश कर रही है, लेकिन सच्चाई जनता के सामने है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
भ्रष्टाचार से पनप रहा अपराध
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार और लूट की नीति के कारण प्रदेश में अपराध फल-फूल रहे हैं, जो अपराध पहले स्थानीय स्तर के माने जाते थे, वे बाद में राज्यव्यापी, फिर राष्ट्रव्यापी और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ, बल्कि प्रमोशन पा गया है।
भाजपा का महा-माफिया राज
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा शासन को ‘महा-माफिया राज’ करार देते हुए कहा कि अरबों की काली कमाई में सत्ताधारी दल की भागीदारी है। उन्होंने कहा कि यह माफिया राज अब ‘बोतल-बंद’ होकर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है, जबकि आम जनता त्रस्त और असहाय है।
भाजपा की पारी अंतिम दौर में: अखिलेश यादव का तंज
उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में माफ़िया राज खत्म नहीं हुआ, बल्कि उसे प्रमोशन मिल गया है। बोले – जिसे पहले लोग स्थानीय अपराध समझ रहे थे। वह परत दर परत खुलते हुए पहले राज्यव्यापी, फिर राष्ट्रव्यापी और अब एशिया स्तर का अपराध नेटवर्क बनकर सामने आ रहा है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा का ‘महा-माफ़िया राज’ चल रहा है, जो लोगों के घरों तक ‘बोतल-बंद’ होकर पहुँच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस अरबों रुपये की काली कमाई में सत्ताधारी दल की भागीदारी है, इसी वजह से भाजपा शासन में जनता परेशान और असहाय है।
अंतिम चरण खेल रही है..
सपा प्रमुख ने अपने बयान के अंत में क्रिकेट की भाषा में तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अपनी अंतिम पारी का अंतिम चरण खेल रही है। उसके ओवर अब खत्म हो चुके हैं, और पूरी टीम मैच समाप्त होने से पहले ही ‘ऑल आउट’ होने वाली है।
कान्हा का ब्रज पुस्तक की सराहना, अखिलेश यादव ने विनीत नारायण को दी बधाई

सपा प्रमुख समाजवा अखिलेश यादव ने लेखक विनीत नारायण की नई पुस्तक ‘कान्हा का ब्रज’ की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक और वैचारिक दृष्टि से समृद्ध करने वाली कृति बताया है। उन्होंने कहा कि “जैसा जिसने जाना-माना, वैसे उसके अपने कान्हा” यह भाव पुस्तक के मूल संदेश को सुंदर रूप से व्यक्त करता है।अखिलेश यादव ने कहा कि परमपूज्य प्रेमानंद महाराज जी के आशीर्वाद से अभिसिंचित यह पुस्तक पाठकों के पठन-पाठन और चिंतन को और अधिक समृद्ध करेगी। उन्होंने लेखक विनीत नारायण को इस उत्कृष्ट कृति के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके भविष्य के अनवरत लेखन तथा कृष्णमय सकारात्मक साहित्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की।
