आंवला सांसद ने एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, नए रेलवे ओवरब्रिज, अतिरिक्त कोच, नई रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं के विस्तार की उठाई मांग; महाप्रबंधक ने भी गिनाईं इज्जतनगर मंडल की उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं
नई दिल्ली/बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल की मंडलीय समिति (Divisional Committee) की महत्वपूर्ण बैठक में आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने बरेली मंडल और अपने संसदीय क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों से जुड़े वर्षों पुराने मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेलवे बोर्ड के समक्ष विस्तृत मांगपत्र प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन, रेलवे स्टेशनों के विकास, यात्री सुविधाओं के उन्नयन और रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण जैसी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। बैठक की अध्यक्षता पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने की। बैठक में इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागाध्यक्ष, कई लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद तथा उनके प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
सांसद नीरज मौर्य ने उठाए ये प्रमुख मुद्दे
बैठक के दौरान सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि आंवला संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की लंबे समय से मांग की जा रही है। उन्होंने रेलवे बोर्ड से मांग की कि बिशारतगंज, आंवला और रेवती बहोड़ा खेड़ा रेलवे स्टेशनों पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए ताकि स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने बरेली-भुज (आला हजरत) एक्सप्रेस में एसी फर्स्ट और एसी सेकेंड क्लास के अतिरिक्त कोच लगाए जाने की मांग भी रखी ताकि यात्रियों को वेटिंग की समस्या से राहत मिल सके।
रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास निर्माण पर दिया विशेष जोर
सांसद ने भमोरा-आंवला रेलवे क्रॉसिंग और अखा-गैनी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इन स्थानों पर प्रतिदिन हजारों लोगों को जाम और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने किला पुल के नीचे रेलवे अंडरपास के निर्माण की मांग भी दोहराई ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।
स्टेशनों पर बढ़ें मूलभूत सुविधाएं
नीरज मौर्य ने रेलवे बोर्ड से मांग की कि क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसरों में टिन शेड लगाए जाएं। बाउंड्री वॉल बनाई जाए। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हो। महिला एवं पुरुष यात्रियों के लिए अलग प्रतीक्षालय बनाए जाएं। कुलियों के लिए विश्राम कक्ष उपलब्ध कराया जाए। रेलवे की खाली पड़ी भूमि का जनहित में उपयोग किया जाए।
महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी उठाया मुद्दा
सांसद ने महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने मंडल चिकित्सालय इज्जतनगर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पर्याप्त नियुक्ति करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत बनाने की भी मांग की।
नई रेल सेवाओं के संचालन की रखी मांग
बैठक में सांसद नीरज मौर्य ने कई नई रेल सेवाओं के संचालन का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने मांग की कि शाहजहांपुर-मुंबई नई ट्रेन शुरू की जाए। शाहजहांपुर फर्रुखाबाद रेल सेवा का संचालन किया जाए। मथुरा के लिए दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाए। मैलानी-लखनऊ रेल सेवा को पुनः शुरू किया जाए। बरेली जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के शुरू होने से बरेली मंडल और आंवला क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गिनाईं रेलवे की बड़ी उपलब्धियां
बैठक के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बताया कि इज्जतनगर मंडल ने पिछले वित्तीय वर्ष में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में 4 रोड ओवरब्रिज (ROB) तैयार किए गए। 11 रोड अंडरब्रिज (RUB) बनाए गए। पिछले तीन वर्षों में 29 रोड ओवरब्रिज और 6 रोड अंडरब्रिज पूरे किए गए। वर्तमान में 13 नए ओवरब्रिज और एक अंडरब्रिज पर कार्य जारी है। स्थानीय जनता की सुविधा के लिए 58 लेवल क्रॉसिंग (LHS) में सुधार कार्य किए गए। त्योहारों पर चलीं 248 स्पेशल ट्रेनें महाप्रबंधक ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इज्जतनगर मंडल से दुर्गा पूजा और दीपावली पर 12 स्पेशल ट्रेनें, होली पर 6 स्पेशल ट्रेनें, ग्रीष्मकालीन सीजन में 4 स्पेशल ट्रेनें चलाकर कुल 248 फेरे संचालित किए गए।
नई ट्रेनों का हुआ संचालन
उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी, टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस, टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस, लालकुआं-बेंगलुरु एक्सप्रेस, पीलीभीत-शाहजहांपुर पैसेंजर जैसी नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। वहीं रेलवे बोर्ड को लखनऊ-टनकपुर, लालकुआं-जबलपुर, रामनगर-जैसलमेर, इज्जतनगर श्री माता वैष्णो देवी कटरा, कासगंज-बनारस, लालकुआं-बांद्रा जैसी नई ट्रेनों के प्रस्ताव भी भेजे जा चुके हैं।
17 अमृत स्टेशनों का तेजी से हो रहा विकास
महाप्रबंधक ने बताया कि इज्जतनगर मंडल के 17 रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे हैं। इन स्टेशनों पर आधुनिक प्रतीक्षालय, नए फुटओवर ब्रिज, पार्किंग, प्लेटफॉर्म शेल्टर, सर्कुलेटिंग एरिया, लैंडस्केपिंग, आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि उझानी, हाथरस सिटी, इज्जतनगर, बरेली सिटी, टनकपुर और बहेड़ी स्टेशनों का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि काशीपुर, काठगोदाम, लालकुआं, बदायूं, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कासगंज और किच्छा स्टेशनों का कार्य अगले छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई रेलवे परियोजनाओं पर भी तेजी
बैठक में रेलवे ने बताया कि भविष्य की प्रमुख परियोजनाओं में मथुरा-कासगंज दोहरीकरण, कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद-कासगंज दोहरीकरण, मैलानी पीलीभीत-बरेली दोहरीकरण, भोजीपुरा-लालकुआं दोहरीकरण, लालकुआं-काठगोदाम दोहरीकरण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
कई सांसदों ने भी रखे अपने-अपने सुझाव
बैठक में बरेली, पीलीभीत, मुरादाबाद, एटा, शाहजहांपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, रामपुर, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर, मिश्रिख, मथुरा और बदायूं सहित कई संसदीय क्षेत्रों के सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की रेल समस्याओं, नए स्टॉपेज, नई रेल सेवाओं, अंडरपास, ओवरब्रिज, जलनिकासी, स्टेशन विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े सुझाव रेलवे बोर्ड के समक्ष रखे।
लाखों यात्रियों को भविष्य में मिल सकता है बड़ा लाभ
बैठक में उठाए गए सुझावों और मांगों पर रेलवे बोर्ड स्तर पर विचार किया जाएगा। यदि इनमें से अधिकांश प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो आंवला संसदीय क्षेत्र, बरेली मंडल और आसपास के जनपदों के लाखों यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी, सुरक्षित आवागमन, आधुनिक स्टेशन सुविधाएं और नई रेल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
रिपोर्ट:रफत आलम,बरेली
