लखनऊ : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के बीच चल रही पारिवारिक खटास को लेकर उठे सियासी और सामाजिक चर्चाओं के बीच अब सुलह के संकेत सामने आए हैं। प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर पत्नी अपर्णा यादव के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा है— “All is good”, जिसके बाद कयासों पर विराम लगता नजर आ रहा है। कुछ दिन पहले प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने अपर्णा को स्वार्थी बताते हुए कहा था कि वह घर तोड़ने की कोशिश कर रही हैं और जल्द ही तलाक देने की बात भी कही थी। इस पोस्ट के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मच गई थी।
हालांकि, अब नई इंस्टाग्राम पोस्ट में प्रतीक यादव ने पत्नी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “ऑल इज गुड। चैंपियन वही होते हैं जो अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल समस्याओं को खत्म कर देते हैं। हम एक चैंपियन परिवार हैं।” इस बयान को दोनों के रिश्ते में आई दरार भरने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोनों के बीच सब कुछ ठीक था और कभी कोई बड़ा विवाद हुआ ही नहीं। उन्होंने दावा किया कि रिश्ते में मनमुटाव पैदा करने की कोशिश कुछ लोगों ने की थी, लेकिन वह साजिश नाकाम रही।
गौरतलब है कि अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। इससे पहले दोनों करीब आठ साल तक एक-दूसरे के मित्र रहे थे। यह शादी अपने समय की चर्चित शादियों में शामिल रही थी, जिसमें उद्योगपति अनिल अंबानी और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन जैसे कई बड़े नाम शामिल हुए थे। शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो अपर्णा यादव ने ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की है, जबकि प्रतीक यादव ने लीड्स यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। दोनों की एक बेटी भी है, जिसका नाम प्रथमा है। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र हैं। फिलहाल सोशल मीडिया पोस्ट के बाद यह साफ है कि दोनों ने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते में आई गलतफहमियों को खत्म करने का संदेश दिया है, जिससे उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने भी राहत की सांस ली है।
