लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में कौशल विकास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं के हुनर और रोजगार की बदलती जरूरतों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया में लगातार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के नौकरी खत्म करने की चर्चा हो रही है, लेकिन कोई भी एआई हुनर की जगह नहीं ले सकता। आने वाले समय में कागज की डिग्री से ज्यादा महत्व व्यक्ति के कौशल का होगा।
डिग्री से ज्यादा हुनर का होगा महत्व
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित होते शहरों और देशों को हुनरमंद लोगों की जरूरत है। अब समाज बदल रहा है और केवल डिग्री के आधार पर रोजगार नहीं मिलेगा। व्यक्ति के पास कौन सी डिग्री है, उससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह होगा कि वह कितना हुनरमंद है और काम करने की क्षमता कितनी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हुनर व्यक्ति की डिग्री से भी बड़ा हो जाएगा। आईआईटी के विद्यार्थियों को जितना सम्मान मिलता है, उतना ही सम्मान आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को भी मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री ने सोना खरीदने को लेकर अपनी अपील का उदाहरण देते हुए कहा कि लोगों ने उनकी बात मानकर सोना खरीदना कम किया। उन्होंने युवाओं से भी भविष्य की जरूरतों को समझते हुए कौशल विकास पर ध्यान देने की अपील की।
मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने कौशल को नुकसान पहुंचाया
पीएम मोदी ने अंग्रेजों की शिक्षा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि मैकाले ने देश की व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया और कौशल आधारित शिक्षा को कमजोर किया। उस शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य केवल क्लर्क तैयार करना था। उन्होंने कहा कि आज भी कई माता-पिता अपने बच्चों के आईटीआई में प्रवेश लेने की बात छिपाते हैं। इस मानसिकता को बदलने की जरूरत है। तकनीकी और कौशल आधारित शिक्षा को भी समाज में समान सम्मान मिलना चाहिए। यूपी में कानून-व्यवस्था के बदलाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने वाराणसी के एक कार्यक्रम का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि रात में काम करने वाली एक युवती ने उनसे कहा कि अब वह रात 11 बजे भी आसानी से घर पहुंच जाती है। पीएम ने कहा कि प्रदेश में यह बदलाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण आया है।
यूपी में 17 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में स्किल इंडिया अभियान शुरू कर देश की प्रतिभाओं को मंच और अवसर देने का काम किया। इस योजना का उत्तर प्रदेश के युवाओं को बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में करीब 17 लाख युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया है, जबकि हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की 150 आईटीआई को टाटा के सहयोग से आधुनिक बनाने का काम किया जा रहा है। उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रमों में बदलाव किया गया है, ताकि युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार मिलने में आसानी हो और वे बदलती तकनीक के अनुरूप अपनी क्षमता विकसित कर सकें।
