मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर किया सम्मानित, शिक्षा व्यवस्था, सरकारी संस्थानों और कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर साधा,सरकार बनने पर किसानों और बुनकरों को मिलेगी राहत
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर शिक्षा, कानून -व्यवस्था, सरकारी संस्थानों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सरकारी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है और प्रदेश में लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।
मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप से किया सम्मानित

नेताजी की जयंती के अवसर पर अखिलेश यादव ने लखनऊ, सैफई, कन्नौज और अलीगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों के मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी ने हमेशा प्रतिभाओं का सम्मान और प्रोत्साहन किया।समाजवादी सरकार में विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए थे और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखकर मेहनत करनी चाहिए, क्योंकि सफलता का कोई दूसरा रास्ता नहीं है।
अभिनव स्कूलों को लेकर भाजपा पर निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अभिनव स्कूलों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार में जितने अभिनव स्कूल बने थे, उसके बाद भाजपा सरकार में इस दिशा में आगे काम नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बेहतर शैक्षिक संस्थानों को बर्बाद कर दिया।उन्होंने कहा कि जब प्राथमिक स्कूलों में ही अच्छी पढ़ाई नहीं होगी तो बच्चे आईआईटी तक कैसे पहुंचेंगे? भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने 27 हजार स्कूल बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए स्कूलों को फिर से शुरू कराने की दिशा में काम किया जाएगा और बच्चे दोबारा उन्हीं स्कूलों में पढ़ने जाएंगे।
2027 में सरकार बनी तो फिर शुरू होगा यश भारती सम्मान

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने नेताजी के कार्यकाल में शुरू किए गए यश भारती सम्मान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने साहित्य, कला, संस्कृति, खेल और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने का काम किया था। नेताजी हमेशा लोगों का सम्मान और प्रोत्साहन करते थे। अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान दोबारा शुरू किया जाएगा।
वन नेशन वन इलेक्शन पर उठाए सवाल, वन वोटर लिस्ट का जिक्र
चुनावी व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग वन नेशन वन इलेक्शन की बात करते हैं, वे अभी तक वन वोटर लिस्ट नहीं बना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोगों को भरोसा दिलाती है कि सरकार बनने पर वन बॉन्ड और वन सैलरी उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी बात नहीं मानने पर ही युवाओं का भविष्य बेहतर बन सकता है।
गोरखपुर मामले में पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने गोरखपुर में हुई घटना और उसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय कर रही है तथा भाजपा सरकार में पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफिले से अर्जुनगंज में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि उस मामले में कितने लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। गोरखपुर में हाथी की मौत के मामले का जिक्र करते हुए भी उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी के तिकोनिया कांड, भाजपा नेताओं के काफिलों से जुड़े कथित सड़क हादसों और अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार से पूछा कि इन मामलों में कितने लोगों के खिलाफ हत्या के मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।
सिपाही की मौत के मामले में सपा भेजेगी प्रतिनिधिमंडल
उन्होंने कहा कि सिपाही की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने जाएगा और परिवार की हरसंभव मदद करेगा। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को हादसों को रोकने के लिए बेहतर सड़क और यातायात व्यवस्था विकसित करनी चाहिए। उनके मुताबिक, वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 27 हजार लोगों की मौत हुई। उन्होंने सरकार से पूछा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
किसानों और बुनकरों को लेकर किया बड़ा ऐलान
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि किसान और बुनकर समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं में हमेशा रहे हैं। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों और बुनकरों की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि बुनकरों को पहले की तरह फिक्स रेट पर बिजली उपलब्ध कराने, उनके उत्पादों के लिए बाजार की सुविधा विकसित करने और कच्चे माल की व्यवस्था करने पर काम किया जाएगा। साथ ही बुनकर परिवारों को अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि बुनकर समाज रोजगार उपलब्ध कराने के साथ अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नेताजी के संघर्ष और सिद्धांतों को किया याद
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नेताजी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा लोगों के सम्मान और मदद को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि नेताजी से उन्होंने सबसे बड़ा सबक यह सीखा कि किसी के बुरे वक्त में उसका साथ नहीं छोड़ना चाहिए। कोई भी व्यक्ति मदद की उम्मीद लेकर आए तो यथासंभव उसकी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी परिस्थिति या दबाव में विरोधी हो गया हो, लेकिन बाद में सच्चे मन से रिश्ते सुधारने की पहल करे तो उसे भी आगे बढ़कर स्वीकार करना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी के प्रति लोगों का सम्मान आज भी कायम है।उनकी जयंती पर प्रदेश, देश और विदेश से बड़ी संख्या में लोगों के संदेश और कार्यक्रमों की तस्वीरें सामने आई हैं। उन्होंने सभी का आभार जताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी नेताजी के सपनों को पूरा करने का काम करेगी।
झलकारी बाई की जयंती पर भी दी श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी की ओर से वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर भी उन्हें नमन किया गया। पार्टी नेताओं ने झलकारी बाई को अदम्य साहस, वीरता और शौर्य की प्रतिमूर्ति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया।
