लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने युवाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि डिग्री आपको नौकरी का पहला मौका देगी, लेकिन उसके बाद आपकी पहचान ज्ञान और हुनर से बनेगी। आपके अंदर आत्मविश्वास होगा तो किसी भी चुनौती का सामना कर सकेंगे। किसी का पिछलग्गू मत बनिए, अपनी सोच विकसित कीजिए और आगे बढ़िए। राजनाथ सिंह रविवार को बाबू बनारसी दास (बीबीडी) यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को डिग्रियां और मेडल प्रदान किए। समारोह विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. अखिलेश दास गुप्ता स्टेडियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
गीता का संदेश देकर फैसले खुद लेने की सलाह
राजनाथ सिंह ने भगवद्गीता के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र में अर्जुन विचलित हो गए थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें उपदेश दिया और अंत में कहा- ‘यथेच्छसि तथा कुरु’, यानी जैसी तुम्हारी इच्छा हो, वैसा करो। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने विचारों को किसी दूसरे की सोच से बांधकर न रखें। उनकी बातों को भी अपनी कसौटी पर परखें और जो सही लगे, उसे जीवन में अपनाएं। युवाओं के अंदर सोचने और निर्णय लेने की क्षमता होनी चाहिए। उन्होंने 21 साल के एक युवा फिल्म निर्माता का उदाहरण देते हुए कहा कि नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित होकर विदेश में पढ़ाई करने वाले एक युवा ने अपनी बचत से कम बजट में फिल्म बनाई, जिसे आज करोड़ों लोग देख रहे हैं। यह बताता है कि विश्वास, इच्छाशक्ति और नए विचारों के सामने उम्र और संसाधन बाधा नहीं बनते।
राजनीति का अर्थ समाज को सही दिशा देना
रक्षामंत्री ने इतिहास और भारतीय परंपराओं को सही परिप्रेक्ष्य में समझने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़ने का मतलब आधुनिकता से दूर होना नहीं है। परंपराएं हमें जमीन से जोड़े रखती हैं और नई खोजों के लिए प्रेरणा देती हैं। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि गणित, विज्ञान और अन्य विषयों में प्राचीन विद्वानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मेरु प्रस्तार, गणितीय सिद्धांतों और प्राचीन ग्रंथों का जिक्र करते हुए विद्यार्थियों से अपनी संस्कृति और सभ्यता को समझने की अपील की। राजनाथ सिंह ने राजनीति के अर्थ पर भी बात की। उन्होंने कहा कि राजनीति का मतलब झूठ बोलना, लोगों को गुमराह करना या समर्थन जुटाना नहीं है। राजनीति का उद्देश्य समाज को सही दिशा में ले जाना और सन्मार्ग की ओर प्रेरित करना होना चाहिए।
सामूहिक प्रयास से कई गुना बढ़ती है क्षमता
राजनाथ सिंह ने विद्यार्थियों को टीमवर्क का महत्व समझाते हुए गणितीय उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अकेले प्रयास का परिणाम A²+B² हो सकता है, लेकिन मिलकर काम करने पर (A+B)² यानी A²+B²+2AB प्राप्त होता है। यह अतिरिक्त 2AB सामूहिक प्रयास की ताकत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में विज्ञान और तकनीक को समझने की क्षमता है और वे बड़े से बड़े वैश्विक चुनौती का मुकाबला कर सकते हैं। आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।
युवाओं के लिए अवसर तैयार कर रही सरकार
रक्षामंत्री ने कहा कि युवाओं के सपने केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि देश के सामूहिक लक्ष्य भी हैं। इन्हें पूरा करने के लिए अवसर और बेहतर व्यवस्था तैयार की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, नेशनल रिसर्च फाउंडेशन, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को काम का अनुभव, शोध के अवसर और नए व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा, ज्ञान और हुनर के दम पर देश के विकास में योगदान देने की अपील की।
