शाहजहांपुर। हत्या के मामले में कई महीने बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ताओं का गुस्सा शनिवार को कलेक्ट्रेट गेट पर फूट पड़ा। अधिवक्ता अवनीश सिंह अपने साथियों के साथ धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण मौके पर पहुंचीं और अधिवक्ताओं को निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए। उधर, मृतक का भाई न्याय की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठा रहा।
गिरफ्तारी नहीं होने पर सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन
कचहरी गेट नंबर चार के सामने धरने की सूचना पर एसपी ग्रामीण पुलिस बल के साथ पहुंचीं। उन्होंने अधिवक्ताओं से बातचीत कर मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इसके बाद सीओ सिटी देवव्रत बाजपेयी और सदर बाजार इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने भी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, विरोध जारी रहेगा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर कुर्सियां डालकर धरना शुरू कर दिया, जिससे एसपी कार्यालय से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस की ओर जाने वाला मार्ग बंद हो गया। दोपहर 12:57 बजे अधिवक्ताओं ने सांकेतिक धरना समाप्त कर दिया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं की समस्या सुनकर सहयोग का आश्वासन दिया।
कई महीने से गिरफ्तारी का इंतजार, भाई का अनशन जारी
अधिवक्ता अवनीश सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले उनके बड़े भाई की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में खुदागंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि पुलिस अब तक किसी भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मामले की विवेचना फिलहाल सिंधौली थाना पुलिस कर रही है। अवनीश सिंह के मुताबिक, कई महीनों से कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी वजह से उन्हें अनशन और भूख हड़ताल शुरू करनी पड़ी।
सोमवार को जाम और पुतला दहन की चेतावनी
अधिवक्ताओं का सांकेतिक धरना समाप्त हो गया है, लेकिन अवनीश सिंह का अनशन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सोमवार को पीडब्ल्यूडी तिराहे पर जाम लगाकर पुतला दहन किया जाएगा। धरने में पूर्व महासचिव अवधेश तोमर, अधिवक्ता वेदपाल सिंह चौहान, शुभम मिश्रा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
