बरेली। पत्नी की गिरफ्तारी के बाद करीब एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी आखिरकार बरेली में ही गिरफ्तार हो गया। पूरनपुर निवासी मकबूल कुरैशी शनिवार को एक दावत में शामिल होने बरेली आया था। वापस लौटने के लिए सेटेलाइट बस अड्डे पहुंचा तो बारादरी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के साथ मिलकर चरस की सप्लाई करता था। पत्नी के पकड़े जाने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था।
पत्नी से बरामद हुई थी 1.488 किलो चरस
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2025 को उपनिरीक्षक कुशलपाल सिंह को सूचना मिली थी कि दिव्यानी लॉन के आगे सड़क किनारे कुछ लोग मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हुसनआरा पत्नी आरिफ निवासी मेवा शफीपुर, फरीदपुर को 1.488 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में बारादरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान मकबूल कुरैशी का नाम सामने आया, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। लगातार गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी ने पांच नवंबर को उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
चरस बेचकर चलाता था परिवार का खर्च
पुलिस पूछताछ में मकबूल ने बताया कि वह पत्नी के साथ मिलकर चरस की सप्लाई करता था। इससे होने वाले मुनाफे से परिवार का खर्च चलाने के साथ अपने शौक पूरे करता था। पत्नी की गिरफ्तारी के बाद उसे भी पुलिस के पकड़े जाने का डर सताने लगा था, जिसके चलते वह घर छोड़कर छिपने लगा। शनिवार को बरेली में दावत में शामिल होने के बाद वह पूरनपुर लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे सेटेलाइट बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट में भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, मकबूल के खिलाफ बारादरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के अलावा भुता थाने में गैंगस्टर एक्ट और पीलीभीत के पूरनपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह यादव, उपनिरीक्षक नितिन कुमार और कांस्टेबल अंकुश चौधरी शामिल रहे।
