बरेली। ट्रेन में खुद को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) का अधिकारी बताकर व्यापारी से करोड़ों रुपये का सोना लूटने वाले गिरोह के एक सदस्य को मीरगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक करोड़ दस लाख रुपये कीमत के 880 ग्राम सोने के आठ बिस्किट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अवैध तमंचा और कारतूस भी मिला है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि मीरगंज पुलिस और एसओजी की टीम परौरा कट के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर राहुल मौर्य पुत्र तुलसी राम निवासी नवादा शेखान, थाना बारादरी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 880 ग्राम वजन के सोने के आठ बिस्किट बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ दस लाख रुपये बताई गई है।
चंबल एक्सप्रेस में DRI अधिकारी बनकर की थी लूट
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22 अक्टूबर को उसने अपने साथियों रोहित, सचिन, वरुण और धर्मेंद्र पटेल के साथ बिहार के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर वारदात को अंजाम दिया था। कोलकाता से आ रही हावड़ा-इंदौर चंबल एक्सप्रेस में सवार व्यापारी को आरोपियों ने खुद को डीआरआई अधिकारी बताकर निशाना बनाया और उसके सोने के बिस्किट लूट लिए थे। राहुल के मुताबिक, लूटे गए सोने में से आठ बिस्किट उसके हिस्से में आए थे।
तीन साथी पहले ही जा चुके हैं जेल
मामले में आरोपी के तीन साथी रोहित, सचिन और वरुण पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। राहुल गिरफ्तारी के डर से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और सुरक्षा के लिए तमंचा साथ रखता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में मीरगंज कस्बा चौकी प्रभारी पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल मुकुल प्रताप, कांस्टेबल अभिषेक सोम और दक्षिणी एसओजी की टीम शामिल रही।
