मुरादाबाद। शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 350 किलो संदिग्ध नकली पनीर बरामद किया है। अमरोहा गेट स्थित पनीर-खोया मंडी के गेट पर छापेमारी के दौरान प्रेस लिखी ईको गाड़ी से करीब साढ़े तीन क्विंटल पनीर पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मंडी में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था पनीर
सहायक खाद्य आयुक्त राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी की। संदिग्ध पनीर को मंडी में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। टीम ने गाड़ी से पनीर बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया।
नमूना जांच के लिए भेजा, पनीर नष्ट कराने की तैयारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बरामद पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। विभाग की ओर से पनीर को नष्ट कराने की कार्रवाई की जाएगी। शहर में बड़े पैमाने पर संदिग्ध नकली पनीर की खपत की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग अब इस कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।
