गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रविवार को काजीरंगा नेशनल पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने 35 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने असम को दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात भी दी और हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। यह परियोजनाएं असम के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में अहम कदम मानी जा रही हैं।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि काजीरंगा आना उनके लिए हमेशा विशेष अनुभव रहा है। उन्होंने अपनी पिछली यात्रा को याद करते हुए बताया कि दो वर्ष पहले काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम और एलिफेंट सफारी के दौरान उन्होंने यहां की प्राकृतिक सुंदरता को बहुत नजदीक से महसूस किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम आकर उन्हें हमेशा एक अलग तरह की खुशी और ऊर्जा मिलती है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पोस्ट कर बताया कि काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर विशेष रूप से मानसून के दौरान वन्य जीवों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें असम के लोगों को बेहतर और तेज रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रधानमंत्री की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर वन्यजीव संरक्षण और यातायात व्यवस्था दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से असम के विकास को नई गति मिलेगी।
करीब 6957 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-715 के 86.67 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण कर उसे चार लेन का बनाया जाएगा, जबकि 34.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर भी तैयार किया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कालीबोर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसके बाद वे पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगे। इससे पहले शनिवार को उन्होंने गुवाहाटी में 10 हजार से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत बोडो लोक नृत्य ‘बगुरुम्बा’ का अवलोकन किया था।
