लखनऊ : दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में बम की सूचना मिलने से रविवार सुबह हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, सुबह 8 बजकर 46 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को फ्लाइट संख्या 6ई-6650 में बम की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को लखनऊ के लिए डायवर्ट किया गया और सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचते ही विमान को आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। जानकारी के मुताबिक, विमान के बाथरूम में एक नैपकिन पर धमकी भरा संदेश लिखा मिला था, जिसमें ‘प्लेन में बम है’ लिखा था। यह नैपकिन एक यात्री को दिखाई दी, जिसने तुरंत क्रू मेंबर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पायलट ने एटीसी से संपर्क कर विमान को लखनऊ उतारने का निर्णय लिया।
घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, सीआईएसएफ, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। विमान में सवार सभी 230 यात्रियों, जिनमें 8 बच्चे भी शामिल थे, के साथ 6 क्रू मेंबर और 2 पायलट सहित कुल 238 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि विमान के लगेज कंपार्टमेंट में पैक्ड स्थिति में रेडियोएक्टिव सामग्री ले जाई जा रही थी, जिसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बॉम्ब थ्रेट असेसमेंट कमेटी का गठन किया गया है, जो पूरे प्रकरण का मूल्यांकन कर रही है। फिलहाल क्विक रिस्पॉन्स टीम द्वारा विमान की सघन तलाशी ली जा रही है और सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं।
