माधोटांडा क्षेत्र के लोहरपुरी गांव की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कर रही जांच
पीलीभीत: जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र के लोहरपुरी गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने पति की साड़ी से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी महिला घर से फरार हो गई, लेकिन कुछ घंटों बाद ग्रामीणों ने उसे गांव में ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद हत्या का आरोप
मृतक उमाशंकर (45) खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बेटी गीता का आरोप है कि उसकी मां ममता घर पर कोल्ड ड्रिंक लेकर आई थी। पहले उसने खुद कोल्ड ड्रिंक पी और बाद में पिता उमाशंकर को भी पिलाई। आरोप है कि इसके बाद उन्हें नशीला पदार्थ देकर साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
बिस्तर पर मिला शव, महिला थी फरार
रात में आवाज सुनकर जब बच्चे छत पर पहुंचे तो पिता बिस्तर पर मृत पड़े थे, जबकि मां मौके से गायब थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के बाद फरार महिला को देर रात गांव में ही छिपा हुआ देखा गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुराने संबंधों की भी जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 2024 में महिला गुजरात गई थी, जहां उसकी एक व्यक्ति से पहचान हुई थी। कथित तौर पर दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। सीओ विधि भूषण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।
