सागर सराय स्थित गोदाम में आग से मची अफरा-तफरी, आसपास के मकान खाली कराए गए, गैस सिलेंडर भी हटवाए गए
मुरादाबाद: शहर के सागर सराय स्थित कुटिया वाली गली में शिव मंदिर के पास शनिवार तड़के मोमबत्ती के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं के गुबार दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग से दहशत, घरों से बाहर निकले लोग
आग राजन अग्रवाल के मोमबत्ती गोदाम एवं फैक्ट्री में लगी। आग की तपिश और धुआं आसपास के मकानों तक पहुंचने लगा, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन आसपास के मकान खाली करा दिए। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया और घरों में रखे गैस सिलेंडर भी बाहर निकलवाए गए।
कई जिलों से बुलाई गई दमकल की गाड़ियां
आग पर काबू पाने के लिए मुरादाबाद के अलावा रामपुर, संभल, अमरोहा, बिजनौर और बरेली से भी दमकल की गाड़ियां मंगाई गईं। करीब 10 से 12 दमकल वाहन घंटों तक आग बुझाने में जुटे रहे और चारों ओर से पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका।
एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
ज्वलनशील सामान के कारण विकराल हुई आग
गोदाम में बड़ी मात्रा में मोमबत्ती और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोग लंबे समय तक दहशत में रहे और कई परिवार जरूरी सामान लेकर घरों से बाहर निकल आए। दमकल विभाग की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा।
