पीलीभीत : पीलीभीत पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। बिना सूचना और बिना संतोषजनक कारण के लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे 15 पुलिसकर्मियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार निलंबित किए गए सभी कर्मी बिना अनुमति ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे थे। विभागीय जांच में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबित किए गए कर्मियों में 3 उपनिरीक्षक (एसआई), 1 मुख्य आरक्षी, 8 आरक्षी, 1 महिला आरक्षी तथा 2 स्वीपर कर्मचारी शामिल हैं। विभागीय अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार निलंबित किए गए 15 कर्मियों में से 7 पुलिसकर्मी पुलिस लाइन में तैनात थे, जबकि 8 अन्य कर्मचारी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

एसपी सुकीर्ति माधव की इस सख्त कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों ने सभी कर्मियों को ड्यूटी और अनुशासन के प्रति गंभीर रहने के निर्देश भी दिए हैं।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों का समय पर और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी पर मौजूद रहना आवश्यक है।
पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार भविष्य में भी कर्मियों की उपस्थिति और कार्यशैली की नियमित समीक्षा की जाएगी। यदि कोई कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित पाया जाता है या ड्यूटी में लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।