बरेली: ज़िले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह के छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, दो गाड़ियां, बड़ी मात्रा में चोरी किए गए बिजली के तार, ट्रांसफार्मर का तेल, तार काटने के उपकरण, पांच मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कई दिनों से क्षेत्र में बिजली के तार चोरी करने की फिराक में घूम रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, पुलिस पर फायरिंग के बाद हुआ एनकाउंटर
पुलिस के मुताबिक 17 जून को थाना क्योलड़िया प्रभारी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लाल रंग की एक गाड़ी में सवार तार चोरी करने वाला गिरोह धनौर जागीर के पास अंटगा चांदपुर मजार के नजदीक भट्टे के आसपास घूम रहा है और बिजली के तार काटने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध गाड़ी की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी बैक कर भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन खेत में फंस गया। इसी दौरान गाड़ी में बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
एक घायल समेत छह आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान और हथियार बरामद

घायल बदमाश की पहचान आसिफ निवासी अर्शिया भोज, थाना बहेड़ी के रूप में हुई है। उसके अलावा पुलिस ने मौके से मोहम्मद हसीन, इस्तिकार, मुजम्मिल, मोहम्मद रेहान और बाद में उनकी निशानदेही पर दूसरी गाड़ी में इंतजार कर रहे आसिफ को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, महिंद्रा KUV-100 और बोलेरो गाड़ी, बड़ी मात्रा में चोरी किए गए 33 केवी बिजली के एल्युमिनियम तार, पंच केबल, तांबे के तार, ट्रांसफार्मर का पांच लीटर तेल, तार काटने की मशीन, आरी, ब्लेड, पेचकस, प्लास, रिंच, पांच मोबाइल फोन और 3,650 रुपये नकद बरामद किए हैं।
फतेहगंज पश्चिमी समेत कई वारदातें कबूलीं, दो और आरोपी फरार

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने एक सप्ताह पहले थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में हुई बिजली के तार चोरी की दो घटनाओं समेत कई अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि बरामद तार और अन्य सामान उन्हीं घटनाओं से जुड़े हैं।जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के दो अन्य साथी राशिद और साहिब चोरी किए गए तार खरीदने, उन्हें गोदाम में छिपाने और आगे बेचने का काम करते थे। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती, गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
घायल आरोपी आसिफ को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने इस मामले में थाना क्योलड़िया में विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ नवाबगंज निलेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और मुखबिर की सटीक सूचना के चलते इस सक्रिय तार चोर गिरोह को पकड़ने में सफलता मिली है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों का कई चोरी की घटनाओं में शामिल होना सामने आया है। सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
