बरेली: जिले में मिलिट्री इंटेलिजेंस, एसओजी टीम और थाना कैंट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इंडियन आर्मी की प्रतिबंधित कॉम्बैट यूनिफॉर्म के कपड़े का अवैध भंडारण करने का मामला सामने आया है। नकटिया क्षेत्र स्थित एक दुकान से करीब 2100 मीटर प्रतिबंधित इंडियन आर्मी कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने दुकान संचालक अरबाज उर्फ जियाउल को गिरफ्तार कर लिया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार 17 जून को मिलिट्री इंटेलिजेंस से सूचना मिली कि थाना कैंट क्षेत्र के चौकी नकटिया अंतर्गत एक दुकानदार ने इंडियन आर्मी की प्रतिबंधित कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा अवैध रूप से भंडारित कर रखा है और उसे कहीं बाहर भेजने की फिराक में है। सूचना के आधार पर मिलिट्री इंटेलिजेंस, एसओजी टीम बरेली और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से मोहनपुर रोड नकटिया स्थित दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान दोपहर में आरोपी अरबाज उर्फ जियाउल को गिरफ्तार कर लिया गया।
दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने दुकान से करीब 2100 मीटर प्रतिबंधित इंडियन आर्मी कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा बरामद किया। इसके अलावा कॉम्बैट यूनिफॉर्म के कट पीस, कपड़े की टोपियां, जूते के फीते तथा सात गोलाकार वेल्क्रो भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी इस प्रतिबंधित सामान का अवैध भंडारण कर रहा था।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर थाना कैंट में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरबाज उर्फ जियाउल, निवासी मोहनपुर रोड, नकटिया, थाना कैंट के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने क्या कहा?
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि 17 जून को मिलिट्री इंटेलिजेंस द्वारा स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई थी कि थाना कैंट क्षेत्र के नकटिया इलाके में स्थित एक दुकान पर इंडियन आर्मी की प्रतिबंधित कॉम्बैट यूनिफॉर्म के कपड़े का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने दुकान पर छापेमारी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से करीब 2100 मीटर प्रतिबंधित इंडियन आर्मी कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा और अन्य यूनिफॉर्म से संबंधित सामान बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी अरबाज के खिलाफ धारा 318(4) और 349 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
