बरखेड़ा के पतरसिया गांव में खुशियां मातम में बदलीं, सड़क किनारे घायल मिला युवक, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया
पीलीभीत : पीलीभीत में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सगाई के महज 24 घंटे बाद 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा थाना क्षेत्र के पतरसिया गांव निवासी 27 वर्षीय चंदन रस्तोगी की रविवार को उत्तराखंड के सितारगंज में सगाई हुई थी। घर में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल था।
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे चंदन घर से टहलने की बात कहकर निकला था। करीब 15 मिनट बाद ही वह पतरसिया बारातघर के सामने सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने इसे सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने मामले में गांव के दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला सड़क दुर्घटना का है या किसी आपराधिक साजिश का।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला अस्पताल के डॉक्टर गौरव ने युवक को अस्पताल लाए जाने पर मृत घोषित किए जाने की पुष्टि की है।