पीलीभीत में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान, बिना फिटनेस और बिना परमिट चल रहे वाहनों पर कार्रवाई, ₹1.55 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
पीलीभीत : जिले में परिवहन विभाग ने बिना फिटनेस, बिना परमिट और नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एआरटीओ सुशील मिश्रा के नेतृत्व में बीसलपुर-पीलीभीत हाईवे पर सघन चेकिंग की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
चेकिंग अभियान के दौरान 20 से अधिक वाहनों की जांच की गई। दस्तावेजों और वाहन संबंधी मानकों की गहन जांच के दौरान कई वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को ले जा रहे एक वाहन पर भी कार्रवाई की गई। जांच में वाहन बिना फिटनेस संचालित पाया गया और उसका पंजीकरण निजी वाहन के रूप में दर्ज था।
परिवहन विभाग ने बिना परमिट संचालित हो रही एक प्राइवेट बस पर भी कार्रवाई की। जांच में बस का पंजीकरण पंजाब का पाया गया और आवश्यक परमिट नहीं मिला।
अभियान के दौरान दो ओवरलोड वाहनों सहित कुल आठ वाहनों के चालान किए गए। विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने 1 लाख 55 हजार 920 रुपये का जुर्माना वसूला।
एआरटीओ सुशील मिश्रा की इस कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी, पीलीभीत